July 21, 2012

एक अजीब सा डर

,
वो बचपन से ही डरता था.बेवजह ही एक डर उसके अंदर समायी हुई थी.लेकिन वो अपने इस डर के बारे में किसी से कुछ नहीं कहता.स्कूल जाने में, नये दोस्त बनाने में, किसी नयी जगह जाने में, सफर पे जाने में वो बेवजह ही डरते रहता.उसे सबसे ज्यादा डर लगता था अँधेरे से और सुनसान रास्तों से..स्कूल में एक दफे जब उसने अपने दोस्तों से अपने डर के बारे में कहा तो सब ने उसका मजाक बना दिया और उसे अपने ग्रुप से डरपोक कह कर अलग कर दिया.घर में जब वो एक बार कहना चाहा की उसे अँधेरे से किस कदर डर लगता है तो सबने उसकी बातों को हलकी बात समझ टाल दिया.बचपन में राह चलते जब कोई तेज रफ़्तार की गाड़ी अचानक पास से गुज़र जाती तो वो बेहद डर जाता लेकिन फिर भी अपने साथ चल रहे किसी भी बड़े का हाथ नहीं पकड़ता या उनसे चिपकता नहीं, उसे डर था की उसके साथ चल रहे बड़े उसका कहीं मजाक न बना दें.


जैसे जैसे वो बड़ा हुआ उसका डर कम होता गया, लेकिन खत्म नहीं हुआ.बड़े होने के बाद उसकी डर की वजह बदल गयी, लेकिन डरता वो अब भी है.बड़े होने पर सबसे पहला डर जो उसका खत्म हुआ वो था अँधेरे से.अँधेरे में अब वो डरता नहीं, बल्कि कम्फर्टेबल महसूस करता है..लेकिन अँधेरी सुनसान सड़कों पर चलना आज भी उसे अच्छा नहीं लगता.सुनसान सड़कों पर उसे हमेशा लगता है की उसके ठीक पीछे कोई प्रेतात्मा चल रही है जो किसी भी वक्त उसपर हमला कर सकती है.जब वो लड़का पढ़ाई के लिए कॉलेज गया तो एक दिन बातों बातों में उसने अपने दोस्तों को ये बता दिया की वो भुत-प्रेत के विषय से थोड़ा डरता है.उसके सहपाठी उसकी मदद करने और उसके डर को मिटाने के बजाये उसे डराने के नये नये नुस्खे खोजने और उसपर आजमाने भी लगते.वो ये समझ ही नहीं पाता की आखिर उसके दोस्त ऐसा क्यों कर रहे हैं..उसने बहुत कोशिश की अपने दोस्तों को ये समझाने की, की वो उसे ना डराएं, उसे सच में डर लगता है..लेकिन उसके दोस्त उसकी किसी बात पर ध्यान नहीं देते..लड़का समझ गया था की अब इस डर को उसे खुद ही मिटाना होगा, वरना उसके दोस्त ऐसे ही उसे परेसान करते रहेंगे.

लड़का बहुत हद तक अपने डर पर काबू पाने में कामयाब भी हो गया था लेकिन एक दिन के वाकये ने उसे फिर से बेहद डरा दिया.छुट्टियों में वो अपने गाँव रहने आया था.गर्मियों के दिन थे और एक रात वो अपने घर के आँगन में सो रहा था.अचानक किसी आवाज़ से उसकी आँख खुली.वो खटिये पर लेटा हुआ था की उसे आँगन के दूसरे कोने पर, कुँए के पास कुछ हलचल सी महसूस हुई..उसने जब उधर देखा तो उसे लगा की वहाँ कोई अजीब सा शक्ल का आदमी बैठा हुआ है जो उसे पुकार रहा है.उसने पहले से सुन रखा था कुँए की कहानियों के बारे में और कुँए के पास जो दीवार गिर गयी थी उसके अफवाहों के बारे में...वो घर में अकेला था और वो इतना डर गया की आँगन से भागते हुए घर के बाहर आ गया.गाँव में उसके घर के ठीक बगल में उसके चाचा रहते थे, जो की अक्सर दरवाज़े पर ही खाट डाल के सोते थे..वो चुपचाप उनके बगल में जाकर बैठ गया और पूरी रात वहीँ बैठा रहा.उसने ये भी जानने की कोशिश नहीं की, की आँगन में उसने सच में किसी को देखा था या सिर्फ उसका वहम था, उसके उन डरावने सपनों का असर जो वो उन दिनों अक्सर देखा करता था.

लड़का उस रात की बात को आजतक भूल नहीं पाया.जब वो नौकरी करने किसी दूसरे शहर में गया तो एक रात फिर वैसा ही वाकया हुआ.लड़का अपने घर में सोया हुआ था की अचानक उसे लगा किसी ने दरवाज़ा खटखटाया है.वो नींद में ही दरवाज़े के पास आया, दरवाज़ा खोला लेकिन बाहर कोई भी नहीं था.जैसे ही वो दरवाज़ा बंद कर के अपने बिस्तर पर जाने वाला था की उसे लगा किसी ने उसे आवाज़ दी है...वो डर सा गया, पीछे मुड़ा तो कोई नहीं था..दरवाज़ा बंद था..उसने हिम्मत कर के दरवाज़े को फिर से खोला, लेकिन कोई भी नहीं था..वो वापस अपने बिस्तर पर आ गया, और जैसे ही समय देखने के लिए उसने अपना मोबाईल उठाया तो उसके पैरों तले की ज़मीन खिसक गयी...सुबह के 3.28 हो रहे थे...उसे एकाएक याद आया की उस रात भी जब वो अपने गाँव में था, तो ठीक इसी समय उसकी नींद खुली थी.

उसे फिर नींद नहीं आई.उसके घर में उसके अलावा और कोई नहीं था, आसपास भी कोइ दोस्त नहीं..घर में रहने के सिवा उसके पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था.एक डेढ़ घंटे बाद जब सुबह हुई तो उसे कुछ राहत मिली.वो अपने काम पर निकल गया, और दिन भर काम की व्यस्तता में वो लगभग ये बात भूल चूका था..लेकिन अगले रात फिर से उसे लगा की किसी ने उसका दरवाज़ा खटखटाया है.वो फिर उठा और फिर से उसने दरवाज़ा खोला..कोई नहीं था...वक्त देखा तो सुबह के 3.30 हो रहे थे..वो अब बेहद डर गया था..सुबह होते ही वो अपने एक दोस्त के घर चला गया...और उससे गुज़ारिश की वो कुछ दिन उसके साथ आकार रहे..कारण उसने अपने दोस्त को नहीं बताया.अगले दिन उसका दोस्त उसके साथ रहने आ गया..लेकिन अगले दिन फिर से उसकी नींद ठीक उसी वक्त पर खुल गयी.इस बार ना तो उसे कोई आहट सुनाई दी, ना किसी की आवाज़ या ना दरवाज़े की खटखटाहट...फिर भी वो बेहद डर गया था...लेकिन उसे तसल्ली थी की उसके साथ उसका दोस्त है.

कुछ दिनों बाद उसका दोस्त वापस चला गया, और वो फिर से डरने लगा..हर सुबह ठीक 3.28 से लेकर 3.38 के बीच या तो किसी आहट से या ऐसे भी उसकी नींद टूट जाया करती थी.वो रात के किसी भी वक्त भी क्यों न सोए, लेकिन 3.28 से 3.38 के बीच उसकी नींद का टूटना फिक्स्ड था.उसने अब अपने डर को भगाने के कुछ उपाए सोच रखे थे..पहला तो ये की उसने अपना घर बदल लिया..लेकिन इससे भी कोई खास फर्क पड़ा नहीं...उसकी नींद नये घर में भी ठीक उसी वक्त पर टूट जाया करती थी.दूसरा ये की उसने हर संभव कोशिश की इस विषय के बारे में ना सोचे..उसे आश्चर्य तब होता, जब वो त्योहारों में अपने घर जाता(या अपने उस शहर से बाहर जहाँ वो नौकरी कर रहा था) तो उसकी नींद कभी भी नहीं टूटती थी..और वो पुरे रात इत्मीनान से सोता था...

फिर धीरे धीरे वक्त बीतते गया, और समय के साथ साथ 3.28 से 3.38 के बीच उसकी नींद टूटने की आदत कम होते गयी...पहले जो वो लगभग हर रात जागा करता था, अब वो बात नहीं रही...अब वो इत्मीनान से सोता है.आज भी कभी कभी उसकी नींद ठीक उसी वक्त टूट जाती है,..लेकिन अब वो इस बात को लेकर बहुत कम्फरटेबल हो गया है..अब वो डरता नहीं..लेकिन चौंक जरूर जाता है..अब जब कभी उसकी नींद टूटती है तो मोबाईल पर समय देखता है, अगर 3.28 से 3.38 के बीच का कुछ समय होता है, तो वो डरता नहीं बल्कि कानों में आइपॉड लगा कर सो जाता है.ऐसा लेकिन अब कम ही होता है की उसकी नींद सुबह के उस वक्त टूटे.लड़के को अपनी बहुत सी आदतें बड़ी विचित्र और रहस्मयी सी लगती हैं जिनमे से एक ये भी है...सुबह के साढ़े तीन बजे उसकी नींद का टूटना!

18 comments:

  1. Hota hai....aisabhee hota hai.

    ReplyDelete
  2. जीवन मे कुछ बातें या यह कहो कुछ अनुभव कब आदत बन जाये पता नहीं चलता !

    ReplyDelete
  3. कुछ न कुछ ऐसा सभी के साथ होता है.....

    ReplyDelete
  4. आदतें तो आदतें है...समय कहा देखती है...और समय देखने की आदत... उम्दा

    ReplyDelete
  5. कई बातें ऐसी होती जिसे मन से निकाल देने पर भी वे अवचेतन मन में सुरक्षित हो जाता है जो बार-बार आकर आदत में शामिल हो जाता है ..यदि वो प्यारा है तो कोई बात नही यदि बुरा हो तो उस पर समय रहते अंकुश लगाने का प्रयत्न करना चाहिए.. चलो अब लड़का अपने डर को जीत तो रहा है..

    ReplyDelete
  6. ब्रम्हमुहूर्त में नींद टूटना तो शुभसंकेत है, उठकर कुछ लिखने बैठ जाना चाहिये..

    ReplyDelete
    Replies
    1. लड़के ने वैसे सुन रखा था की ब्रम्हमुहूर्त में कुछ भी अनिष्ट नहीं होता और लड़के को ये पता था की ब्रम्हमुहूर्त सुबह चार बजे से होता है...तो लड़के को बस बीस-तीस मिनट ही काटने होते थे ;) ;)

      Delete
  7. तुम्हारी ये लड़का - लड़की वाली कहानिया बहुत प्यारी हैं..और कुछ लिखो फिर एक उपन्यास बन जायेगा :)"वो लड़का और एक लड़की :):).

    ReplyDelete
    Replies
    1. "वो लड़का और एक लड़की".....अच्छा शीर्षक है उपन्यास का ;)

      Delete
  8. अच्छी कहानी है। मगर एंड में मज़ा नहीं आया :) कोई तो कारण भी बताना था डर का आखिर हर बात के पीछे कोई न कोई वजह तो ज़रूर होती है।

    ReplyDelete
    Replies
    1. अरे मैं तो पहले लाईन में ही लिख दिया था की लड़का बेवजह डरता है.. :) :)

      Delete
  9. ऐसा ही एक भय मेरे साथ चल रहा है ...बेवजह नहीं कह सकती

    ReplyDelete
  10. बहुत ही सच्चा व आत्मीय सा अनुभव । बचपन कभी-कभी बडे अजीब से सन्नाटे से गुजरता है और उसकी छाप जीवन भर के लिये अमिट हो जाती है । सहज लेखन में निष्कर्ष निकाला नही जाता वह खुद ब खुद निकलता है । आप छोटी से छोटी बात को बडी बारीकी से देखते व लिखते हैं । पढ कर लगता है कि कुछ पढा ।

    ReplyDelete
  11. डर तो सबके अंदर कोई ना कोई होता है..और उस पर काबू भी उन्हें खुद ही पाना होता है.
    एक पचास के करीब शख्स ने अपना डर बाँटा था कि परिवार में ..दोस्तों में ऑफिस में किसी को आजतक नहीं बताया है कि उन्हें बादल के गरजने से बहुत डर लगता है..अब भी..:):)
    एक समय नींद टूटने की वजह ये भी हो सकती है कि नींद का चक्र पूरा हो जाता है...उतने घंटे की नींद पूरी हो जाने पर नींद उसी वक़्त टूटती है...और मन का डर किसी की आकृति भी दिखा देता.....किसी की आहट भी सुना देता.
    पर अच्छी बात है कि वो लड़का अब उस से उबर गया है.

    ReplyDelete
  12. ये तो मिस्टीरियस पोस्ट हो गयी... :)

    ReplyDelete

आप सब का तहे दिल से शुक्रिया मेरे ब्लॉग पे आने के लिए और टिप्पणियां देने के लिए..कृपया जो कमी है मेरे इस ब्लॉग में मुझे बताएं..आपके सुझावों का इंतज़ार रहेगा...टिप्पणी देने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद..शुक्रिया